भागलपुर। कस्बा निवासी एक युवक एक सप्ताह पहले घर से लापता हो गया था। परिजन पुलिस सूचना देकर खोजबीन कर रहे थे। शनिवार की शाम को पिंडी तिराहे के पास कुएं से युवक का शव बरामद किया गया।
मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर कस्बा निवासी फखरूद्दीन उर्फ मंगरू पुत्र स्व. मुमताज 35 वर्ष ठेला चलाकर जीवन यापन करता था। 30 अक्तूबर की देर शाम अपने साले मऊ निवासी शमशेर के साथ शराब पीने पिंडी रोड स्थित दुकान पर गया था। साला रात को घर आया तो मंगरू साथ नहीं था। सुबह तक मंगरू घर नहीं आया तो परिजनों ने रिश्तेदारों के यहां पता किया, जब उसका पता नहीं चला तो उन्होंने मईल थाने पहुंचकर युवक के गायब होने की सूचना दी। छानबीन के बाद पुलिस ने एक युवक की निशानदेही पर मंगरू का शव भागलपुर के पिंडी तिराहे के पास बंद पड़े राइस मिल के पास कुएं से बरामद किया। बहन रुक्साना ने कपड़े के आधार पर शव की पहचान की। मंगरू के तीन बच्चें हैं जो पत्नी अंजुम परवीन के साथ मायके मऊ में रहकर पढ़ाई करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।