खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुसैला खुर्द गांव में बैनामा भूमि पर कब्जे की शिकायत पर जांच करने पहुंचे लेखपाल पर जमीन विक्रेता और प्लाटिंग कराने वाले ने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। मारपीट में लेखपाल और शिकायतकर्ता महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि पैमाइश से नाराज विक्रेता और प्लाटिंग करने वाले ने हमला किया। पुलिस ने तीन नामजद और 10 से 15 अज्ञात लेागों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
भटनी क्षेत्र के सल्हपुर निवासी मीना देवी पत्नी अनिरुद्ध प्रसाद ने अपने मायके धनौती के पास ही मुसैला खुर्द में एक साल पहले मकान बनवाने के लिए दो डिस्मिल बैनामा लिया था। उनका कहना है कि भूमि पर अभी विक्रेता और प्लाटिंग करने वाले का कब्जा है। इसकी शिकायत राजस्व विभाग से की थी।
महिला ने बताया कि तहसीलदार अलका सिंह के निर्देश पर रविवार को सुबह करीब 11 बजे लेखपाल ओमप्रकाश कुशवाहा मुसैला खुर्द गांव में पहुंचे। वहां वह अभी भूमि की जांच-पड़ताल कर रहे थे, तभी विक्रेता और प्लाटिंग करने वाला अपने अन्य साथियों के साथ पहुंच गए।
लेखपाल का कहना है कि आरोपियों ने आते ही धक्का मुक्की और दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। लेखपाल को मारने-पीटने लगे तो बीच-बचाव करने शिकायतकर्ता मीना देवी, उसकी मां विद्यावती देवी और बहन निधि कुमारी आगे बढ़ीं तो हमलावरों ने इन तीनों को भी पीट दिया।
लेखपाल ओमप्रकाश कुशवाहा का कहना है कि हमलावर असलहा लिए हुए थे। उनका कहना है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान नक्शा भी लेकर फाड़ डाला।
सूचना पर मौके पर तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार गोपालजी और अन्य राजस्वकर्मी पहुंचे थे। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंच दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
लेखापाल और अन्य घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।