देवरिया। बैतालपुर की एक तेल मिल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारकर 1296 लीटर तेल जब्त किया गया। इस तेल में सोयाबीन समेत कुछ अन्य केमिकल के मिलावट की आशंका है। नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं और उत्पादन इकाई को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने तेल मिल पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान परिसर में दो ड्रमों में संग्रहित रिफाइंड सोयाबीन तेल मिला। सरसों तेल निर्माण इकाई में रिफाइंड तेल की मौजूदगी पर अधिकारियों को मिलावट का संदेह हुआ। आशंका जताई जा रही है कि सरसों तेल में सस्ते रिफाइंड सोयाबीन तेल की मिलावट कर बाजार में आपूर्ति की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान सरसों तेल के दो नमूने और रिफाइंड सोयाबीन तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया। जांच रिपोर्ट आने तक 896 लीटर सरसों तेल और 400 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल को जब्त कर लिया गया। कुल जब्त तेल की मात्रा 1296 लीटर है। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीराम यादव, घनश्याम वर्मा और राजू पाल शामिल रहे।