भागलपुर। सड़क हादसे में घायल बाइक सवार अधेड़ की इलाज के दौरान गोरखपुर के एक निजी हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार की शाम मौत हो गई। 15 दिन पहले कोतवाली क्षेत्र के उसरहा मोड़ के समीप दो बाइक की टक्कर में अधेड़ घायल हो गए थे।
लार थाना क्षेत्र के देवसिया गांव निवासी नंदजी यादव 30 अक्तूबर को बाइक से सलेमपुर जा रहे थे। तभी सलेमपुर-बरठा मार्ग के उसरहा चौराहे के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया, जिससे नंदजी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिवार के लोगों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां से रेफर होने के बाद गोरखपुर के एक निजी हॉस्पिटल में इलाज करा रहे थे।
इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की शाम उनकी मौत हो गई। परिवार के लोग उनका शव लेकर घर पहुंचे। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लार थाने की पुलिस पहुंच गई और पंचनामा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए देवरिया भेज दिया। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद