बरियारपुर। तरकुलवा क्षेत्र के मुजहना लाला गांव में सोमवार को पोखरे में डूबने से अधेड़ की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही गांव के तमाम लोग पोखरे पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। परिजन ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मुजहना लाला गांव निवासी रमाशंकर प्रसाद (50) सोमवार को घर के पास स्थित पोखरे के किनारे बैठे थे। बताया जा रहा है कि अचानक वह पोखरे में गिर पड़े। उन्हें पानी में गिरता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया।
काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से निकाला गया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज देवरिया की इमरजेंसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजन ने गमगीन माहौल में गंडक नदी के मुजहना घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ सदर संजय रेड्डी ने बताया कि हादसे की कोई जानकारी नहीं है। संवाद