देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में बन रहा 70 बेड का अत्याधुनिक ट्राॅमा सेंटर 10 दिन में बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें उपकरण लगाने का काम शुरू हो गया है। इसके बन जाने से गंभीर रूप से घायलों और झुलसे लोगों का इलाज मेडिकल कालेज में ही हो सकेगा।
ट्रॉमा सेंटर के प्रथम तल में एयरकंडीशनर आदि लगाने का काम शुरू हो गया है। इसमें 30 बेड इमरजेंसी के होंगे। 20 बेड टॉक्सिकोलॉजी के मरीजों के होंगे, जिसमें फूड प्वाइजनिंग आदि के मरीजों का इलाज किया जाएगा। वहीं 20 बेड झुलसे हुए मरीजों के लिए होंगे।
इसके शुरू हो जाने से झुलसे हुए गंभीर मरीजों का इलाज यहीं पर संभव हो जाएगा। ट्रॉमा सेंटर में चार ऑपरेशन थिएटर भी होंगे। एक ओटी हड्डी रोग, दूसरी सर्जरी, तीसरी ओटी स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग और चौथी ओटी में सेप्टिक के मरीजों का ऑपरेशन किया जाएगा।
मेडिकल काॅलेज के पुराने जिला अस्पताल के भवन में संचालित पीआईसीयू को ट्रॉमा सेंटर के प्रथम तल पर अस्थाई रूप से शिफ्ट किया जाएगा। पीआईसीयू के वर्तमान भवन को ध्वस्त कर मेडिकल कॉलेज का विस्तारित भवन तैयार किया जाएगा।