देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज में त्योहारों के बाद बुधवार को ओपीडी में मरीज उमड़ पड़े। लगभग हर विभाग की ओपीडी में रोगियों की भारी भीड़ रही। इसके चलते डॉक्टर को पहले दिखाने के लिए कई बार धक्का-मुक्की भी हुई । सुरक्षाकर्मियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला।
धनतेरस से लेकर छठ तक में लोग व्यस्त रहे। इसके चलते लोग छोटी-मोटी बीमारियोंं का इलाज टालते रहे। छुट्टियों में मेडिकल काॅलेज की ओपीडी भी अधिकतर दोपहर 12 बजे तक ही चली। इसके चलते इन दिनों जो मरीज 12 बजे के बाद आए, वह डॉक्टर को नहीं दिखा सके। छुट्टियों के बाद बुधवार को ओपीडी पूरे समय दो बजे तक चली।
विज्ञापन
इसके चलते ओपीडी में भारी भीड़ रही। हड्डी रोग विभाग में पहले दिखाने के लिए लोग धक्का-मुक्की करते रहे। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों की सख्ती के चलते लोगों को कतार में ही इलाज कराना पड़ा। ओपीडी के बगल में स्थित एक्स-रे केंद्र पर भी लंबी कतार लगी रही। यहां एक्स-रे कराने में लोगों को एक घंटे तक लग गए। गौरीबाजार से आए अनिल ने बताया कि हड्डी रोग विभाग में भीड़ के चलते चोट को बचाना मुश्किल हो रहा था। बगल में एक्स-रे करा रहे एक युवक ने बताया कि यहां एक्स-रे कराना काफी मुश्किल काम है।
26 नंबर में मैं एक्सरे कराकर चला आया। यहां पर दूसरे व्यक्ति का एक्सरे कराने के लिए आधा घंटा से अधिक लग गया। प्रभारी सीएमएस डॉ. आरके श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहारों के बाद लोग मेडिकल काॅलेज में अधिक संख्या में पहुंचे, जिन्हें डॉक्टरों ने देखा और दवाई दी। सभी को सुलभ इलाज की सुविधा देने का प्रयास किया गया।