- पांच माह पूर्व हुई थी शादी, गर्भवती थी रिंकू
- दाह-संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को पुलिस कब्जे में लिया
- मायके वाले ने हत्या कर फंदे से शव लटकाने का आरोप लगाया
बरहज। क्षेत्र के भैदवां गांव निवासी और विवाहिता रिंकू देवी (22) पत्नी छट्ठू राजभर की सोमवार की शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वाले हत्या कर फंदे से शव लटकाने का आरोप लगा रहे थे। दाह-संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को रोक पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के भरहां कलावत निवासी प्रभु राजभर के पुत्री रिंकू की शादी पांच माह पूर्व भैदवां निवासी छट्ठू राजभर से हुई थी। परिजनों के अनुसार वह मां बनने वाली थी। बताया जा रहा है कि छट्ठू मजदूरी करने, जबकि परिवार के अन्य सदस्य कहीं गए हुए थे।
सूचना मिलने पर मायके वाले भी पहुंच गए और हंगामा करते हुए ससुरालियों पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाने लगे। मायके वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दाह-संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
ब्याज पर रुपये लेकर पिता ने धूमधाम से की थी पुत्री की शादी
बरहज। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के भरहां कलावत निवासी प्रभु राजभर के सात संतानों में रिंकू तीसरे नंबर की पुत्री थी। जिसकी शादी भैदवां के छट्ठू राजभर से हुई थी। प्रभु राजभर ने एक व्यापारी से 10 प्रतिशत ब्याज पर दो लाख, जबकि रिश्तेदारों से 50 हजार रुपये कर्ज लेकर पुत्री की शादी की थी।