खुखुंदू। थाना क्षेत्र के परसिया मिश्र गांव में विवाहिता को दहेज कम लाने की बात की उलाहना देते हुए आए दिन प्रताड़ित करने और मारने-पीटने के आरोप पुलिस ने सोमवार को पति समेत छह लोगों पर दर्ज की है। पुलिस ने पहले विवाहिता के आरोपों की जांच कराई। आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की है। शेरवां बभनौली गांव निवासी कुसुम की शादी करीब चार साल पहले क्षेत्र के परसिया मिश्र गांव निवासी रुद्र प्रताप गिरी के साथ हुई थी।
विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति, सास, ससुर, ननद समेत अन्य परिवार वाले दहेज कम लाने का ताना मारते हुए प्रताड़ित करना शुरू कर दिए, जबकि अपने सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज देकर मायके वालों ने मेरी शादी की थी।
फिर भी और दहेज की मांग करते हुए आए दिन प्रताड़ित कर मारने-पीटने लगे।
आगे ऐसा न करने की बात को लेकर बीच-बीच में कई बार पंचायत भी हुई मगर ससुराल पक्ष अपनी आदतों से बाज नहीं आए। पंचायत के बाद फिर पति और देवर ने उसकी पिटाई कर घर से भगा दिया। पीड़िता ने थक-हार कर पुलिस से कार्रवाई के लिए गुहार लगाई।
इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को पति रुद्र प्रताप गिरी, ससुर बद्री गिरी, सास रीता देवी, ननद नीलम, बबीता और देवर आदि गिरी पर मारपीट, दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ गौरव सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायती पत्र की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।