- सड़क पर मची भगदड़, पुलिस ने तीन छात्रों को लिया हिरासत में, छोड़ा
- पुलिस की उदासीनता से हो सकती है बड़ीवारदात, कॉलेज प्रशासन खामोश
अमर उजाला ब्यूरो
लार। वर्चस्व को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच ओकेएम इंटर कॉलेज गेट पर मारपीट हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस को देख छात्र भाग खड़े हुए। पुलिस ने तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया। नगर पुलिस चौकी पर पहुंचे साथियों ने पकड़े गए छात्रों को छोड़ने का दबाव दिया। पुलिस ने किसी बात सुनने की बजाए खदेड़ दिया।
ओकेएम इंटर कॉलेज गेट पर अक्सर छात्रों के बीच विवाद होता रहता है। कॉलेज की छुट्टी के समय छात्राओं के साथ मनबढ़ छात्र छींटाकशी करते हैं, लेकिन पुलिस इसे हल्के में लेती है। सोमवार को भी छुट्टी बाद कालेज के छात्रों का दो गुट आपस में गेट पर इसी विवाद में लेकर भिड़ गया। कुछ ही दूरी पर तैनात पुलिस वाले पहुंचे तो मारपीट करने वाले भाग निकले। कॉलेज गेट के दुकानदार छात्रों के मारपीट से तंग आ चुके हैं। विरोध करने पर दुकानदार से ही छात्र उलझ जाते हैं। कॉलेज प्रशासन भी इसे लेकर गंभीर नहीं है। इस बाबत नगर चौकी के दरोगा अमित पांडेय ने बताया कि तीन छात्रों को हिरासत में कुछ देर रखा गया था। समझाने के बाद छोड़ दिया गया।