बीडीओ की पिटाई के विरोध में सीडीओ को ज्ञापन देते ग्राम रोजगार सेवक।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। देसही देवरिया के खंड विकास अधिकारी पर हुए हमले के खिलाफ ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन और ग्राम विकास अधिकारी संघ एकजुट हो गए हैं। प्रभारी डीएम को ज्ञापन देकर बीडीओ पर हमला करने वालों पर कार्रवाई की गई। ग्राम विकास अधिकारी संघ की बैठक विकास भवन के प्रांगण में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष देवकांत मणि पाठक ने कहा कि 15 अप्रैल को ग्राम विकास अधिकारी सज्जन कुमार गौतम के साथ ब्लॉक मुख्यालय में हुई मारपीट का प्रार्थना-पत्र अगले दिन दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस और प्रशासन की लापरवाही से देसही देवरिया के खंड विकास अधिकारी के साथ मारपीट हो गई। जिला मंत्री राजीव शंकर मिश्र ने कहा कि उच्चाधिकारियों की लापरवाही के चलते यह घटनाएं हो रही हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन कार्य बहिष्कार करेगा। बैठक में संजीत त्रिपाठी, ज्ञान सिंह, रामकेवल, रामअधार, शत्रुघ्न सिंह आदि मौजूद रहे। ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र की अगुवाई में प्रभारी जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन दिया।
इसमें देसही देवरिया के बीडीओ पर हमला करने वाले प्रधान पुत्र के गिरफ्तारी की मांग की गई है। कर्मचारियों का कहना था कि बीडीओ पर हमले से कर्मचारी आहत हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो रोजगार सेवक कार्य ठप करने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही रोजगार सेवकों ने बकाया मानदेय के भुगतान की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में कृष्णमोहन उपाध्याय, संजय यादव, संतोष पांडेय, अभिषेक पति त्रिपाठी, मुन्ना यादव, प्रमोद तिवारी आदि प्रमुख रहे।