मनरेगा के तहत बिना काम हुए भुगतान का मामला,
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बनकटा विकास खंड में मनरेगा के तहत बिना काम के हुए भुगतान के मामले में बृहस्पतिवार को ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र सिंह उर्फ मोती सिंह, प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह एवं आयुक्त ग्राम्य विकास के. रवींद्र नायक ने विकास विभाग के अफसरों से जांच की प्रगति पूछी। कहा कि ऐसी चूक कैसे हो गई? दोषी के खिलाफ कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है? शाम तक जांच आख्या भेजे जाने का भी निर्देश दिया। वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के बाद विकास विभाग के अफसरों में खलबली मच गई है।
जिले के बनकटा ब्लॉक में मनरेगा के तहत बिना काम कराए ही निर्माण कार्यों का भुगतान 31 मार्च को तत्कालीन बीडीओ ने ग्राम पंचायत सचिवों, प्रधानों व तकनीकी सहायकों की मिलीभगत से कर दिया। करीब 1.70 करोड़ रुपये का भुगतान ब्लॉक की 42 ग्राम पंचायतों में हुआ। पूरे मामले का खुलासा डिप्टी कलेक्टर एवं बीडीओ सौरभ सिंह ने किया तो खलबली मच गई। उन्होंने डीएम एवं सीडीओ को इसकी जानकारी दी तो पांच सदस्यीय जांच टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया गया।
शुरूआत में पूरे मामले को हल्के लिया गया। लेकिन मामला आयुक्त ग्राम्य विकास के संज्ञान में मामला सामने आने के बाद उन्होंने मंगलवार को तीन दिन में जांच आख्या तलब की। बृहस्पतिवार को ग्राम्य विकास मंत्री, प्रमुख सचिव ग्राम्य, आयुक्त ग्राम्य विकास आदि अधिकारियों ने प्रदेश के सभी विकास विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। इसमें देवरिया के बनकटा विकास खंड में मनरेगा के तहत हुई धांधली को संज्ञान में लेकर अफसरों को फटकारा गया। बृहस्पतिवार देर शाम तक जांच रिपोर्ट तलब भी की गई। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य विकास अधिकारी शिव शरणप्पा, परियोजना निदेशक महेश नारायण पांडेय, डीसी मनरेगा गजेंद्र कुमार तिवारी, डीसी एनआरएलएम आदि अधिकारी मौजूद रहे। उधर सीडीओ ने कहा कि जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। दोषियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
31 मार्च को इन गांवों हुआ भुगतान
देवरिया। सिरसिया बाबू में 8.19 लाख, सिरसिया पवार में 5.12, सोहनपुर में 8.30, टोला अहिबरनराय में 3.66 लाख, अहिरौली बघेल में 4.89 लाख, बंगरूआ में 52 हजार, बनकटा जगदीश में 87 हजार, कड़सरवा बुजुर्ग में 1.65 लाख, जगदीशपुर में 1.87, इंगुरी सराय में दो लाख, गौरा में 1.64, दीक्षितौली में 3.18, चकरवा टोला प्रेमराय में 3.21, चफवा कला में 3.53, भोपतपूरा में 5.56, भवानीछापर में 3.23, बरईपार पांडेय में 2.68, बतरौली में 6.15, बखरी में 5.84, करजनिया में 4.65, किशोरीछापर 3.97, कुरमौली 2.67, कुटिया भर 4.08, मिश्रौली 6.84, नवादा में दो लाख, नियरवा में 86 हजार, नोनारकपरदार में 5.02, पड़री में 6.65, पकड़ी नरहरिया में 2.13, परसिया छितनी सिंह में 6.94, परगसहा में 3.99, परसौनी आनंदघन में 11.47, पिपरा बाबूपट्टी में 1.68 लाख, पिपरा दक्षिण पट्टी में 8.08, रहिमपुर में 6.88 लाख, पिपरा उत्तर पट्टी में 88 हजार, रामपुर बुजुर्ग में 4.49, रतसिया में 3.56, रोहिनिया में 1.40, सिकटीयादीनाचक में 3.03 लाख का भुगतान हुआ है।