मनरेगा से फर्जी भुगतान मामले में होगी 81 हजार की वसूली
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रामपुर कारखाना ब्लाक के डीहा बसंत में किसान के पोखरे का आगणन तैयार कर फर्जी भुगतान करने वाले जिम्मेदारों पर पीडी की गाज गिरी है। उन्होंने ग्राम प्रधान, सेक्रेट्री व तकनीकी सहायक से फर्जी भुगतान की धनराशि तीन दिन के भीतर वसूली का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को अमर उजाला में ‘पोखरा खुदवाया किसान ने भुगतान लिया प्रधान ने’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रभारी बीडीओ पीडी महेश नरायण पांडेय ने पोखरे का स्थलीय सत्यापन किया। अभिलेखों का मिलान करने के बाद स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जिसमें फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। लोगों ने बताया कि किसान विजय प्रताप सिंह ने दिसंबर माह में जेसीबी से पोखरे की खुदाई कराई थी। ग्राम प्रधान, सेक्रेट्री व तकनीकी सहायक ने उसी का आगणन तैयार कर 81 हजार 536 रुपये मजदूरी के नाम पर चहेतों के खाते में भुगतान किया है। प्रभारी बीडीओ पीडी ने बताया कि पोखरा खुदाई के नाम पर फर्जी भुगतान की गई धनराशि की वसूली ग्राम प्रधान, सेक्रेट्री, तकनीकी सहायक से की जाएगी। जांच के दौरान जेई आरईडी बद्री कुमार, एडीओ कोऑपरेटिव राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।