अनुबंधित बस की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत
खुखुंदू (देवरिया)। थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप बुधवार को अनुबंधित बस की चपेट में आने से साइकिल सवार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
मुसैला खुर्द गांव निवासी कुणाल उर्फ पतरका डोम (14) पुत्र जितेंद्र डोम बुधवार की सुबह किसी काम के लिए साइकिल से खुखुंदू की तरफ आया था। लौटते समय देवरिया-सलेमपुर हाईवे पर बहादुरपुर गांव के पास देवरिया की ओर से तेजगति से आ रही अनुबंधित बस ने चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बस का कुछ लोगों ने पीछा किया, लेकिन चालक तेजी से बस लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस और पीआरवी ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। घटना के बाद मां रीना देवी, बहन अनीता का रो-रो कर बुरा हाल है। एसओ जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। बस के बारे में पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।