देवरिया। महाशिवरात्रि का पर्व रविवार को श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया। शहर के सोमनाथ, रुद्रपुर के दुग्धेश्वरनाथ, महेन के महेंद्रानाथ, मझौलीराज के दीर्घेश्वरनाथ और बिहार बाॅर्डर पर सोहगरा धाम में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरे दिन शिवालय गूंजते रहे।
शहर के सोमनाथ मंदिर में भोर में ही मंदिर के पट खोल दिए गए। सबसे पहले महंथ भोलागिरी ने जलाभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू किया। सूर्योदय होते-होते मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की कतार लग गई। दिन चढ़ने के साथ कतार लंबी होती गई।
श्रद्धालु जलाभिषेक कर भगवान शिव से स्वयं और परिवार के कल्याण की कामना करते आगे बढ़ते रहे। मंदिर के मारकंडेय गिरी के नेतृत्व में स्वयंसेवकों का दल व्यवस्था में जुटा रहा। इससे पूर्व शनिवार की रात शिव जागरण का आयोजन श्री बाबा सोमनाथ सेवा समिति ने किया। इस अवसर पर शिव विवाह का आयोजन हुआ। इस दौरान संरक्षक अशोक कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष शिवकुमार गोयल, मंत्री कृष्णानंद वर्मा, रामकुमार बरनवाल, बैजनाथ रौनियार मौजूद रहे।
इसके अलावा पुलिस लाइंस स्थित मंदिर शिवालय, कचहरी चौराहा शिवालय, श्री रामजानकी मंदिर शिवालय, मनोकामनापूर्ण हनुमान मंदिर शिवालय, नई कालोनी स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, भटवलिया हाईडिल काॅलोनी स्थित शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
सीसीटीवी कैमरे से की गई निगरानी ः सोमनाथ मंदिर पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की गई। मंदिर के बाहर से लेकर गर्भगृह तक जगह-जगह कैमरे लगाए गए। इससे एक स्वयंसेवक पूरे दिन मानिटरिंग करता रहा।
वहीं सुरक्षाकर्मी भी पूरे दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। सीओ सदर संजय रेड्डी के नेतृत्व में पुलिस शहर के शिवालयों में गश्त करती रही। बघौचघाट संवाद के अनुसार, पथरदेवा क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं भाटपाररानी और मईल में भी शिवालयों पर भक्तों की कतार लगी रही।