खुखुंदू थाना क्षेत्र के मगहरा चौराहे पर टक्कर के बाद जलती पिकअप और बाइक, संवाद
खुखुंदू (देवरिया)। थाना क्षेत्र के मगहरा चौराहे पर रविवार भोर में पिकअप और बाइक में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप में बाइक और उस पर सवार महिला रेनू मिश्रा (48 वर्ष) फंस गईं। इससे दोनों करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए विद्युत पोल और पेड़ से टकरा गई। इस दौरान दोनों वाहनों में आग लग गई। जिससे बाइक सवार महिला जिंदा जल गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। हालांकि लपटें तेज होने से आग बुझ नहीं पाई। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाई। आग बुझाने के बाद पिकअप में फंसे आधे से अधिक जले शव को जेसीबी मशीन से खींचकर बाहर निकलवाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। घायल बाइक सवार को मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है।
बरहज थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी गिरिजा शंकर मिश्र परिवार के साथ सलेमपुर में रहते हैं। वह सलेमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। वह महाशिवरात्रि पर रविवार भोर में बाइक से पत्नी रेनू मिश्रा (48 वर्ष) को लेकर गांव जा रहे थे। वह अभी मुसैला-मईल मार्ग पर मगहरा चौराहे पर पहुंचे थे कि सामने से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के दौरान बाइक और रेनू मिश्रा पिकअप में जा फंसीं। जबकि पति गिरिजाशंकर मिश्र सड़क के किनारे गिर गए। इसके बाद पिकअप चालक तेजी से वाहन को भगाने लगा। इससे पिकअप में फंसीं रेनू और बाइक 20 मीटर तक घसीटते रही। इसके बाद पिकअप बिजली का पोल तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर रुक गया। इस दौरान दोनों वाहनों में आग लग गई। इससे रेनू मिश्रा जलने लगीं। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर जुटी भीड़ पिकअप में फंसी रेनू को बचाने का प्रयास की, लेकिन पिकअप में करंट उतरने से सब पीछे हट गए। भीड़ के सामने ही रेनू मिश्रा की जलकर मौत हो गई। मौके पर पहुंचे सीओ सलेमपुर मनोज कुमार और एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगवाई। हालांकि करीब एक घंटे तक दोनों वाहन और रेनू मिश्रा का शव धू-धू कर जलता रहा। इसके बाद आग पर फायर ब्रिगेड की टीम ने काबू पाया। एसओ ने बताया कि जेसीबी मशीन से शव को बाहर निकलवाया गया और शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
खुखुंदू थानाक्षेत्र के मगहरा चौराहे पर एक पिकअप और बाइक की टक्कर से दोनों वाहनों में आग लग गई। इससे बाइक सवार भलुअनी थानाक्षेत्र के अमांव गांव निवासी गिरिजाशंकर मिश्र घायल हो गए। आग की चपेट में आने से उनकी पत्नी रेनू मिश्रा की मौत हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। घायल गिरिजाशंकर मिश्र को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
- मनोज कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सलेमपुर