देवरिया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को शिवालयों पर भोर से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव, ओम नम: शिवाय आदि मंत्रों के बीच श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। भांग, धतूर, दूध, दूर्वा आदि शिवलिंग पर चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिरों के बाहर मेला भी लगा। पूजन के बाद लोगों व बच्चों जमकर खरीदारी की और मेले का लुत्फ उठाया। प्रमुख शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस टीम तैनात रही।
शहर में सोमनाथ मंदिर, मझौली में दीर्घेश्वरनाथ, रुद्रपुर में दुग्धेश्वर नाथ, महेन में बाबा महेंद्रनाथ, सोहगरानाथ में बाबा हंसनाथ, कचहरी चौराहे के शिवमंदिर समेत प्रमुख मंदिरों शुरू हुआ पूजन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को प्रसाद भी बांटा।
भाटपाररानी प्रतिनिधि के अनुसार, सोहगरा धाम में बाबा हंसनाथ के दर्शन को सुबह से ही लोग जुट गए थे। भिंगारी बाजार,भवानी छापर, प्रतापपुर, सोहनपुर ,अकटही, खैराट, सवरेजी ,सरया,कुकुर घांटी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
उधर, सोहगराधाम से जलाभिषेक कर लोग दीर्घेश्वरनाथ जा रहे थे। भीड़ को देखते हुए मंदिर से करीब डेढ़ किमी दूर ही बैरिकेडिंग कर दी गई थी। मंदिर समिति और पुजारी के बीच तालमेल की कमी के कारण मंदिर का कपाट 3.30 बजे खुला। इससे नाराज श्रद्घालुओं ने खरी खोटी सुनाया।
खुखुंदू प्रतिनिधि के अनुसार, मठिया प्राचीन शिव मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भोलेनाथ के दर्शन और रुद्राभिषेक के लिए दूर दूर से भक्त पहुंचे थे।
बघौचघाट के चंद्रनाथ बाबा सखनी, शिव मंदिर पचरुखिया,नवनिर्मित शिव मंदिर रामपुर महुआबरी, शिवमंदिर विशुनपुरा बाजार, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर मेंदीपट्टी पर लोगों ने जलाभिषेक किया। पुजारी पंडित परमेश मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भोले बाबा की पूजा करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। देसही देवरिया में महाशिवरात्रि की धूम रही।
बरहज प्रतिनिधि के अनुसार, पटेलनगर पूर्वी स्थित नीलकंठ महादेव, बाबा महेंद्रानाथ, खुदियां के फूलेश्वर नाथ, भलुअनी, पांडेय फुलवरिया भुवनेश्वरनाथ, तिलौली, बड़का गांव, भैया फुलवरिया, सोनाड़ी आदि शिव मंदिरों पर लोगों ने जलाभिषेक कर इच्छित वर मांगा।