दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने को उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। महाशिवरात्रि के महापर्व पर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। दूसरी काशी रुद्रपुर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगी। मेले में जुटी भीड़ की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। शुक्रवार को ज्योर्तिलिंग दुग्धेश्वरनाथ के दर्शन को रात दो बजे से भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गई।
मंदिर का कपाट खुलते ही भक्त बम-बम भोले बोलते हुए शिव का जलाभिषेक करने में जुट गए। भीड़ को काबू में करने के मंदिर के चारों तरह जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिस और स्कॉउट के रोवर्स, रेंजर्स पूरे दिन जमे रहे। सायं पांच बजे तक मंदिर पर जलाभिषेक का कार्यक्रम चलता रहा।
महंत रमाशंकर भारती और विजयशंकर ने कहा कि करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान नायब तहसीलदार डॉ. संजीव दीक्षित, तहसील के कर्मचारी और लेखपाल, प्रभारी निरीक्षक बीबी सिंह पुलिस फोर्स को लेकर मंदिर पर व्यवस्था में लगे रहे।
नगर पंचायत की ओर से मेला परिसर में सफाई की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा अलावा महाशिवरात्रि के मेले का महिलाओं और बच्चों ने जमकर आनंद उठाया। मेले में मिठाई खाने के बाद बच्चों ने चरखी और झूले का मजा लिया। भगवान शिव का पूजन-अर्चन करने के बाद महिलाएं मेले में घ्र के लिए खरीदारी में जुट गईं। लोग सतासी इंटर कॉलेज के मैदान पर घुड़दौड़ देखकर रोमांचित हो गए।