देवरिया। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) व आलिम (सीनियर सेकेंडरी) की बोर्ड परीक्षा सोमवार को जिले के विभिन्न काॅलेजों में दो पालियों में हुई।
जिले के ओकेएम इंटर कॉलेज लार, सुभाष इंटर कॉलेज भटनी, श्री अनंत आदर्श इंटर कॉलेज मदनपुर, जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना, आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज पथरदेवा तथा मदरसा अंजुमन इस्लामिया जैनबतुल बनात बजरहा बघौचघाट सहित विभिन्न केंद्रों पर बोर्ड का परीक्षा हुआ, जिसमें प्रथम पाली सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चला। इसके लिए पूर्व में जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रत्येक केंद्र के लिए केंद्र व्यवस्थापक व सह केंद्र व्यवस्थापक नामित कर दिए गए थे।
साथ ही संबंधित क्षेत्रों के खंड विकास अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इनके साथ जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की देखरेख में सचल दल गठित किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करते रहे।
सोमवार को अल्पसंख्यक अधिकारी आशुतोष पांडेय ने ओकेएम इंटर कॉलेज लार में चल रहे परीक्षा की जांच की। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट दोनों पालियों में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और प्रतिदिन की रिपोर्ट जिला प्रशासन व नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और नकल रोकने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।