देवरिया जिले में रुद्रपुर क्षेत्र के एक शख्स की ओर से दो नाम से पासपोर्ट बनवाने का मामला पुलिस की जांच में खुला है। उसने दो गांवों के पते पर अलग-अलग नाम से पासपोर्ट बनवा लिया। इसके बाद तीसरी बार गाजीपुर जिले के एक गांव के पते पर पासपोर्ट बनवाने का प्रयास किया, तो पुलिस की जांच में पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लखनाघाट निवासी अमरनाथ यादव की ओर से दो बार पासपोर्ट बनवाया गया है, पुलिस अधीक्षक की ओर से मामले की जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि अमरनाथ यादव वर्ष 2014 में लखनाघाट गांव के पते से पासपोर्ट बनवा कर विदेश की यात्रा कर चुके है।
उसने नाम बदल कर दोबारा एकौना थाना क्षेत्र के भगवान माझा गांव से मंटू यादव के नाम से वर्ष 2018 में पासपोर्ट बनवा लिया। जांच में पता चला कि आरोपी अब गाजीपुर जिले के भवरकोल गांव के पते पर पासपोर्ट बनवाने की फिराक में था। कोतवाली महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।