पिकअप की चपेट में आने से मैकेनिक की मौत
प्रतापपुर। खामपार थाना क्षेत्र के बलियन-भवानी छापर मुख्य मार्ग पर शनिवार को पिकअप वाहन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परगसहां ग्राम पंचायत के मदनचक गांव निवासी गोपीचन्द शर्मा (60) बलिवन गांव में किसी व्यक्ति का पंप सेट मरम्मत कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच गांव से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर बलिवन- भवानी छापर मार्ग पर पिकअप वाहन की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने जब शोर मचाया तो पिकअप चालक वाहन छोड़कर खेत के रास्ते से भाग निकला। गोपीचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उनकी पत्नी मालती देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भवानी छापर पुलिस चौकी इंचार्ज अश्विनी सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया गया है।