देवरिया। पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर शहर के एक युवक के दो बैंक खातों से 5,22,268 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए गए। घटना 23 अप्रैल से पांच मई 2025 के बीच हुई थी।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर चार बार शिकायत, साइबर थाने व सदर कोतवाली में सूचना देने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गरुड़पार निवासी विशाल वर्मा ने कोर्ट में दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि साइबर ठगों ने पार्ट टाइम जॉब देने का झांसा दिया। इसके बाद उनके दो बैंक खातों से 5,22,268 रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर उन्होंने छह मई 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की। शिकायत चार अलग-अलग एक्नॉलेजमेंट नंबरों पर दर्ज हुई।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ठगी की रकम में से कुछ धनराशि होल्ड करा दी मगर प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। विशाल का आरोप है कि साइबर थाना और सदर कोतवाली में कई बार सूचना देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
एसपी को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी। वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद