पेट्रोल पंप मालिक और साले को घायल कर 1.56 लाख रुपये लूटे
देवरिया। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के कठिनाइयां-बेलडाड़ मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के मालिक और उनके साले पर शुक्रवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने असलहे की बट से वारकर 1.56 लाख रुपये और सामान लूट लिया। घायलों को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सदर कोतवाली के अगस्तपार गांव निवासी विजय कुमार तिवारी का कठिनाइयां-बेलडाड़ मार्ग पर सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के पास पेट्रोल पंप है। रात में करीब 9:30 बजे पेट्रोल पंप बंद कर विजय कुमार अपने साले अजय दुबे के साथ बाइक से आवास पर जा रहे थे। इसी दौरान सदर कोतवाली के इजरही और परसिया अहीर गांव के बीच में बाइक सवार तीन लोगों ने ओवरटेक कर पेट्रोल पंप मालिक को रोक लिया। बाइक रुकते ही कई और बाइक सवार आ गए। विजय कुछ समझ पाते कि हमलावरों ने असलहा निकाल लिया और उनके सिर पर प्रहार कर दिया। उनका सिर फट गया और अजय को पीटने लगे। पेट्रोल पंप मालिक सड़क के किनारे गिर गए। करीब दस की संख्या में हमलावरों ने उनकी पॉकेट से 1.56 लाख रुपये, सोने की चेन, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी निकाल ली। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर परसिया अहीर गांव की तरफ फरार हो गए। पेट्रोल पंप मालिक ने आसपास के लोगों को घटना के बारे में बताया और अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई । लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों का इलाज कराया और फिर घटनास्थल पर लेकर आई। जांच पड़ताल के बाद देर रात दो लोगों को हिरासत में ले लिया। शनिवार की सुबह एसओजी पेट्रोल पंप पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में पेट्रोल पंप मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। कुछ लोगों संदिग्धों का नाम प्रकाश में आया है।