संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट यूजी 2025) चार मई को होगी। इस बार राजकीय और वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी हो रही है।
सिटी कोआर्डिनेटर की तरफ से जीआईसी समेत 14 माध्यमिक विद्यालयों की सूची एनटीए को भेज दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
मेडिकल और डेंटल काॅलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स में प्रवेश के लिए नीट यूजी की परीक्षा की तैयारियां जिले स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की देखरेख में आयोजित होने वाली इस परीक्षा को शुचिता पूर्वक संपन्न कराने के लिए शासन की तरफ से डीएम व एसपी को दिशानिर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। शासन ने कहा है कि इसके लिए एसओपी जारी कर दी गई है।
संवेदनशील सील बंद परीक्षा सामग्री (परीक्षा से पहले और बाद में) को बुकिंग परिसर से सीधे हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन या हब तक विधिवत सीलबंद व लाॅक किए गए पार्सल मेल वैन में गंतव्यों तक पहुंचाया जाएगा।
डाक प्रशासन को जरूरत के अनुसार सहायता व सशस्त्र सुरक्षा प्रदान किया जाएगा। नीट यूजी परीक्षा के सिटी कोआर्डिनेटर व केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक के सहयोग से केंद्रों की सूची मांगी गई है, जिसे एजेंसी को भेज दिया गया है। वहां से केंद्रों की सूची को शीघ्र ही फाइनल रूप दे दिया जाएगा।
उधर सह जिला विद्यालय निरीक्षक नीलेश पांडेय ने बताया कि एनटीए के सीटी कोआर्डिनेटर की ओर से केंद्रों के संबंध में सूची मांगी गई थी, इसे उन्हें सौंप दिया गया है। इसमें जिले के राजकीय और वित्तपोषित विद्यालय शामिल हैं।