मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को लेकर जाती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिले में शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला गाजीपुर जिले का रहने वाला एक बदमाश रविवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। घायल बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएचसी रुद्रपुर में भर्ती कराया, जहां से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार रविवार को जिले में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि शराब की दुकानों में चोरी करने वाला आरोपी बोलेरो से क्षेत्र में गुजर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और वाहन की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी को कई बार वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन वह बोलेरो को तेज गति से भगाते हुए नकईल जाने वाले मार्ग की ओर भागने लगा। पीछा करने के दौरान सेमरौना पुल के पास कब्रिस्तान के नजदीक उसकी गाड़ी सड़क से नीचे उतरकर फंस गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान जब उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान प्यारेलाल प्रजापति पुत्र लालचंद्र प्रजापति निवासी जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने जिले में कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। उसने बताया कि वह शराब की दुकानों में रखे गुल्लक के पैसे को निशाना बनाता था। पहचान छिपाने के लिए दुकानों में लगे डीवीआर भी तोड़ देता था, ताकि फुटेज न मिल सके।