संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर तस्कर बाॅर्डर के रास्ते लग्जरी वाहनों में शराब भरकर बिहार भेज रहे हैं। पकड़े जाने पर वाहन छोड़ फरार हो जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस के लिए तस्करों पर कार्रवाई करना कठिन हो जा रहा है।
रविवार को इनोवा कार में शराब की खेप लाद तस्कर बिहार जाने की फिराक में थे। इसी बीच मेहरौना चेकपोस्ट पर पुलिस को देख कुछ दूर वाहन छोड़ फरार हो गए। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंची। तलाशी के दौरान 221 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद किया।
पकड़े गए शराब की कीमत दो लाख से अधिक बताई जा रही है। चर्चा है शराब किसी रसूखदार की हो सकती है। अगर पुलिस बार कोड से जांच करे तो यह भी पता चल सकता है तस्करों ने किस दुकान से शराब की खरीदारी की है। इसके बाद तस्करों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
इधर आंकड़ों पर गौर करें तो जितनी बार शराब लदी वाहनों को पुलिस ने पकड़ा है, उतनी बार शराब ले जाने का तस्करों ने तरीका भी बदला है।