संवाद न्यूज एजेंसी
खामपार। बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर पोखरा स्थित दीपक ज्वेलर्स लूटकांड के तार भाटपाररानी क्षेत्र के टीकमपार और बनकटा थाना क्षेत्र के एक गांव के कुछ लोगों से जुड़ रहे हैं। इस मामले में बिहार के बदमाश मनिंदर मिश्रा का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, लूटकांड की साजिश को लेकर टीकमपार में भी बैठक हुई थी।
घटना 26 जून की है। भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर पोखरा स्थित दीपक ज्वेलर्स को बाइक सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटने की कोशिश की थी।
बाजार के लोगों ने बदमाशों का मुकाबला किया। इस दौरान बदमाशों ने सिसई गांव निवासी डबलू मिश्रा को गोली मार दी थी जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई थी
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इससे तीनों की मौत हो गई। अन्य बदमाश मौके से भागने में सफल रहे।
बिहार पुलिस की जांच में सामने आया कि इस लूटकांड में उत्तर प्रदेश के भी कुछ अपराधी शामिल थे।
जांच के दौरान भाटपार रानी थाना क्षेत्र के एक गांव व बनकटा क्षेत्र के एक गांव के कुछ लोगों की संलिप्तता की बात सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, लूटकांड को अंजाम देने के लिए मनिंदर मिश्रा के साथ टीकम पार में एक-दो बार बैठक कर साजिश रची गई थी।
इस मामले में बिहार पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी मनिंदर मिश्रा को सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया था। वहीं, सीवान जिले के धनौती थाना क्षेत्र के एक गांव के बाल अपचारी का नाम भी जांच में सामने आया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उत्तर प्रदेश के कुछ अन्य संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। हथुआ के एसडीपीओ राजेश कुमार के अनुसार, दीपक ज्वेलर्स लूटकांड में उत्तर प्रदेश के कुछ अपराधियों की भी भूमिका रही है। वहीं, क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार का कहना है कि दूसरे राज्यों की पुलिस जब स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगती है, तो नियमानुसार मदद की जाती है।अपराधियों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है।