संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बुधवार को सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरौरा व आयुष्मान आरोग्य मंदिर सोहनीपार, बरियारपुर, लाहिलपार का निरीक्षण किया।
उन्होंने पीएचसी की व्यवस्थाओं एवं वहां मौजूद दवाओं की जमीनी हकीकत को देखी और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया। इस दौरान सभी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
सीएमओ सबसे पहले पीएचसी सरौरा पहुंचे। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई को देखा। इसके बाद इमरजेंसी, पैथोलॉजी, वैक्सीन रूम, बीपीएम यूनिट, लेबर रूम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद ओपीडी, स्टोर रूम और प्रसूता भवन की व्यवस्थाओं को जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं का मुआयना करते हुए सभी जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ आयुष्मान आरोग्य मंदिर सोहनीपार, बरियारपुर और लाहिलपार पहुंचे, जहां सभी सीएचओ ओपीडी में बैठे मिले। इस दौरान उनके साथ मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल मौजूद रहे।