देवरिया में वकीलों ने कचहरी चौराहे पर जाम कर विरोध जताया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। लार कांड में अधिवक्ता पर पुलिस की कार्रवाई से नाराज अधिवक्ताओं ने गुरुवार को कचहरी चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मांगे नहीं माने जाने पर वकील शुक्रवार से कचहरी में पुलिसवालों को नहीं आने देंगे। अधिवक्ताओं का कहना है कि जिले की कानून-व्यवस्था बदहाल हो गई है।
जब प्रभाकर चौधरी यहां एसपी थे तो किसी को कोई दिक्कत नहीं होती थी। राजनीतिक दबाव में उनका स्थानांतरण करा दिया गया। इसके बाद से यहां कानून-व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है। एसपी मोहम्मद इमरान एकतरफा कार्रवाई कर रहे हैं। लार कांड में पुलिस ने निर्दोष अधिवक्ता को फंसा दिया है। कार्य बहिष्कार के बाद अधिवक्ता जिलाधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे, लेकिन जब कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला तो अधिवक्ता उग्र हो गए। कचहरी चौराहे पर एकत्र होकर जाम लगा दिया।
पुलिस और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंहासन गिरी ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो शुक्रवार से कचहरी में कोई भी पुलिसवाला प्रवेश नहीं करेगा।
यदि कोई पुलिसवाला कचहरी में प्रवेश करने की कोशिश करेगा तो अधिवक्ता उसे समझाने का कार्य करेंगे। इसके बाद अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जिले की स्थिति के बारे में अवगत कराया। प्रदर्शन करने वालों में सुरेंद्र त्रिपाठी, मनोज मिश्र, अर्जुन यादव, पंकज पाठक, घनश्याम त्रिपाठी, राकेश मिश्र, विनोद ठाकुर, सुरेंद्र मिश्र समेत तमाम अधिवक्ता शामिल रहे।