मेहरौनाघाट/देवरिया। भाजपा से विजयलक्ष्मी को टिकट नहीं मिलने से नाराज समर्थकों ने लार नगर और पिंडी चौराहा पर भाजपा सांसद रविंद्र कुशवाहा का पुतला जलाकर विरोध जताया। लोगों ने भाजपा नेताओं पर साजिश का आरोप लगाया।
टिकट नहीं मिलने पर प्रत्याशी का विरोध करने की चेतावनी दी। पिंडी चौराहे पर सुभाष सिंह के नेतृत्व में लोगों ने सांसद रविंद्र कुशवाहा का पुतला जलाया और नारेबाजी की। समर्थकों का आरोप है कि टिकट वितरण में भाजपा के शीर्ष नेता भेदभाव किए हैं।
जनता के बीच रहने वाली महिला नेता को तवज्जो नहीं दी गई। अगर सलेमपुर सुरक्षित सीट से टिकट नहीं बदला गया तो लोग चुप नहीं बैठेंगे। इसके अलावा लार नगर के लक्खू मोड़ पर भी विजयलक्ष्मी के समर्थकों ने सांसद का पुतला जलाकर विरोध जताया। इस दौरान शुभनरायण, आयुष, गिरिजा सिंह, रूपेश, केडी, राजेश कुशवाहा, भीष्म प्रताप सिंह, गिरीश मौजूद रहे। दूसरी ओर देवरिया में सपा नेता विजय प्रताप यादव का टिकट कटने से नाराज समर्थकों का विरोध जारी है।
बुधवार को भी समर्थकों ने कई जगह पर जेपी जायसवाल का पुतला फूंका। अतुल त्रिगुणायत और अजय यादव का कहना था कि पार्टी को खड़ा करने में स्वर्गीय रामनगीना यादव की अहम भूमिका रही है। मुलायम सिंह यादव ने उनके बेटे विजय प्रताप यादव को टिकट दिया। कुछ चाटुकारों ने उनका टिकट कटवा दिया। सरौरा, खोराराम, पुरवां, खरोह, गौरीबाजार, बैतालपुर, फुलवरियां, झिरूआं, बैरिया, भटौली, इमिलियां, उसरा आदि जगहों पर जेपी का विरोध करते हुए पुतला फूंका गया।