रुद्रपुर। दुग्धेश्वरनाथ वार्ड में महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में फर्जीवाड़ा का मामला उजागर हुआ है। आरोप दंपती ने सिलाई केंद्र पर आने वाली महिलाओं को सरकारी लाभ दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर भाग गए।
मामले में पुलिस गौरी बाजार क्षेत्र के लेहड़ा निवासी संचालिका गीता देवी पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है। गहिला दुधैला गांव निवासी राम लखन की बेटी संगम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वार्ड के दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के पास किराये के एक मकान में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र एक दंपती की ओर से चलाया जा रहा था।
इसमें क्षेत्र की कई महिलाएं प्रत्येक दिन सिलाई का प्रशिक्षण लेने आती थीं। महिला संचालिका खुद को आंगनबाडही विभाग की कर्मचारी बताती थी।
आरोप है कि संचालिका ने प्रशिक्षण लेने वाली लड़कियों को कई बार सिलाई मशीन भी दिलाई, फिर अपने झांसा में लेकर कई सरकारी योजनाओं का लाभ देने के नाम पर कई लोगों से किस्त में एक-एक लाख रुपये जमा कर लिए। अब संचालिका प्रशिक्षण केंद्र पर ताला बंद कर भाग गई। मकान मालिक भी किरायेदार के बारे में स्पष्ट नहीं बता रहे हैं।
आरोपी ने राधिका विश्वकर्मा निवासी गुडरी, रंभा देवी, माया देवी निवासी लेहड़ा गौरी बाजार. सुनीता निवासी रामचक, छाया गौतम निवासी गहिला, रिता, नेहा निवासी जदू परसिया, चंदा देवी और कई लोगों के साथ ठगी की है।
सीओ राजेश चतुर्वेदी ने कहा कि ठगी करने की आरोपी महिला पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।