- जून माह में अलग-अलग तिथियों व जगहों पर आयोजित होगा कैंप
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बस डिपो में चालकों की कमी के चलते 12 से 15 बसें प्रतिदिन कार्यशाला में खड़ी रहती हैं। जिसके चलते यात्रियों को दिक्कत होती है। इसे देखते हुए परिवहन निगम की ओर से संविदा चालकों की भर्ती की तैयारी चल रही है। जून माह में अलग-अलग तिथियों में कैंप लगाकर चालकों की भर्ती की जाएगी।
परिवहन निगम में चालकों की कमी का खामियाजा यात्रियों को उठाना पड़ता है, क्योंकि कई बसें कार्यशाला या परिसर में ही खड़ी रहती हैं। वर्तमान में निगम की 74 बसों के सापेक्ष 47 चालकों की कमी पड़ रही है। ऐसे में निगम के अधिकारियों के सामने भी बसें खड़ी रहने से संचालन में दिक्कतें आती हैं। अब डिपो स्तर पर संविदा चालकों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत सात जून को खुखुंदू थाना चौराहा, 10 जून को राजकीय आईटीआई, 14 जून को चेरा चौराहा, 18 जून को मईल चौराहा, 20 जून को नूरीगंज भटनी, 24 जून को बंजरिया मोड़ तरकुलवा, 28 जून को बघौचघाट में कैंप लगाया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मो. इरफान ने बताया कि डिपो में मौजूदा बसों के सापेक्ष कुल 47 चालकों की कमी है। ऐसे में मुख्यालय के निर्देश पर डिपो स्तर पर भर्ती अभियान चलाकर इसे पूरा किया जाएगा। चालक के लिए आने वाले अभ्यर्थी के पास भारी वाहन चलाने का दो वर्ष पुराना चालक लाइसेंस, आठवीं पास का शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, 23 वर्ष छह माह से कम न हो तथा दो पासपोर्ट साइज के फोटो के साथ वह कैंप में आकर आवेदन दे सकता है।
-
डिपो को मिली चार नई बसें, पिंडी-कानपुर रूट पर होगा संचालन
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मो. इरफान ने बुधवार को बताया कि डिपो को चार नई बसें मिली हैं। इन बसों को मिलाकर देवरिया डिपो के पास निगम की कुल 73 बसें हो गई हैं। यह बेड़े में शामिल भी हो गई हैं। इन्हें पिंडी-कानपुर व पडरौना-कानपुर रूट पर चलाया जाएगा। नई बसों के आने से इधर के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।