रामपुर कारखाना (देवरिया)। पटनवा स्थित छोटी गंडक नदी में नहाने गया ईंट-भट्ठे का मंगलवार को मजदूर डूब गया। आसपास के लोगों ने उसे डूबते देख शोर मचाया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के बांदा थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अल्ताफ अंसारी पुत्र सिराजुद्दीन परिजनों के साथ ईंट भट्टे पर रहता था। परिजन रामपुर कारखाना क्षेत्र के गोविंदपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। दोपहर वह पटनवा पुल स्थित छोटी गंडक नदी में नहाने चला गया और डूब गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे दरोगा जय सिंह समेत पुलिसकर्मियों ने उसे आसपास के लोगों की सहायता से बाहर निकलवाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
अल्ताफ के भाई सद्दाम ने शव की पहचान की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गंडक नदी में नहाते वक्त मजदूर की डूबने से मौत हो गई। संवाद