कोरोना : गौरीबाजार सीएचसी बना लेबल वन हॉस्पिटल
देवरिया। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। जिला मुख्यालय के अलावा 96 पीएचसी, सीएचसी और न्यू पीएचसी पर 756 इमरजेंसी आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। अभी तक जिले में दूसरे प्रांत से 4943 लोगों की स्क्रीनिंग स्वास्थ्य विभाग ने की है। बावजूद अभी बाहर से जिले में आने का क्रम जारी है।
अभी तक विदेश से जिले में 540 लोग आए हैं। इसमें 287 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, बाकी लोगों की स्क्रीनिंग कराने का सिलसिला जारी है। कोविड 19 का लेबल वन का अस्पताल गौरीबाजार सीएचसी को बनाया गया है। 30 बेड का यह अस्पताल सभी सुविधाओं से लैस है। सोमवार को एडी हेल्थ की मौजूदगी में कोरोना मरीज आने पर भर्ती करने का रिहर्सल किया गया। पूरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम गौरीबाजार में मौजूद रही। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अलावा डब्लूएचओ की टीम भी लगी है। गौरीबाजार सीएचसी पर कोविड 19 लेबल वन का अस्पताल बनाया गया, जहां कोरोना के गंभीर मरीजों को रखने की योजना है। जिले में पहुंचे एडी हेल्थ डॉ. जेएम त्रिपाठी ने कोरोना को लेकर हुई तैयारियों का जायजा लिया। गौरीबाजार सीएचसी पर रिहर्सल के दौरान एडी हेल्थ मौजूद रहे। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को जरूरी जानकारी दी। इस दौरान सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय, एसीएमओ डॉ. डीबी शाही आदि मौजूद रहे। एडी हेल्थ ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।
जिला अस्पताल में उमड़ी भीड़
देवरिया। जिला अस्पताल गैर प्रांतों से आने वाले लोगों की जांच हुई। सुबह आठ बजे से ही जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया और एक मीटर की दूरी पर खड़ा कराकर बारी-बारी से जांच की गई। इसमें कई लोगों को बुखार था। डॉक्टर दवा देने के बाद 14 दिनों तक घरों में परिवार के सदस्यों से दूरी बनाकर रहने की दी।
30 बेड का आइसोलेशन वार्ड सुरक्षित
देवरिया। जिला अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसके अलावा 100 बेड के मैटरनिंटी विंग में 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड सुरक्षित किया गया है। किसी भी परिस्थिति में कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है।
निगेटिव रिपोर्ट आने पर छोड़ा
देवरिया। जिले में अभी एक भी कोरोना के मरीज नहीं मिले हैं। लार नगर में एक संदिग्ध मरीज मिला तो तीन दिन तक जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में उसे आइसोलेट रखा गया था। निगेटिव रिपोर्ट आने पर उसे छोड़ दिया गया।
होम क्वारंटीन में बरत रहे लापरवाही
देवरिया। जिले के किसी भी आइसोलेशन वार्ड में किसी को क्वारंटीन में नहीं रखा गया है। जिले में विदेश और गैर प्रांतों से आए लोगों को होम क्वारंटीन के लिए निर्देश दिया गया है। हालांकि गांवों में आने वाले होम क्वारंटीन में लापरवाही बरत रहे हैं।
दो के खिलाफ हुई कार्रवाई
भाटपाररानी में दो लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत कार्रवाई की गई है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने कहा है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।