महिला मिली कोरोना पॉजिटिव
देवरिया। जिले में एक और महिला कोरोना संक्रमित मिली है। महिला गोरखपुर में रहती है और बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर उसका इलाज चल रहा है। परिवार में चार लोग हैं। सभी के नमूने लिए जा रहे हैं। वहीं देसही देवरिया के दौलाकदम सीएचसी पर तैनात और कुशीनगर निवासी महिला चिकित्सक भी संक्रमित मिलीं हैं। चिकित्सक की जांच भी कुशीनगर में हुई थी। ऐसे में जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 177 हो गई। इसमें चार की मौत हो चुकी है। 134 लोग स्वस्थ होने के बाद घर भेजे जा चुके हैं।
संक्रमित महिला(28) साकेत नगर की निवासी है और गोरखपुर के रूस्तमपुर ढाले के समीप किराए के मकान में रहती है। एक सप्ताह से इनकी तबीयत खराब थी। ऐसे में गोरखपुर के बेतियाहाता चौराहे के चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। सुधार न होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सोमवार रात आई जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साकेत नगर में महिला के घर के आस-पास के इलाके को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि जिले की एक महिला गोरखपुर में संक्रमित मिली है। वहीं कुशीनगर जनपद निवासी और जिले में तैनात महिला डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही सीएचसी के 12 कर्मचारियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।