केंद्र पोषित योजनाओं का हाल जाना
भिरवा और पिड़हनी गांव में पहुंची केंद्रीय टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर (देवरिया)। विकासखंड रुद्रपुर के ग्राम पंचायत भिरवा और पिडहनी में नेशनल लेबल मॉनीटर ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार की टीम ने केंद्र पोषित योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने केंद्र सरकार की विकास योजनाओं के धरातल पर असर का परीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने गांव में चौपाल लगाकर लाभार्थियों से पूछताछ की। जांच टीमरुद्रपुर में चार और गांवों का निरीक्षण करेगी।
टीम के सदस्य एके मलिक और अजय सिंह ने चौपाल लगाकर भिरवा गांव में मनरेगा, वृद्धा पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत बने हुए आवास स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बने हुए इज्जत घर आदि के बारे में लाभार्थियों से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने खामियों की तरफ भी इशारा किया तथा सुधार करने के निर्देश दिए। पिड़हनी गांव में टीम ने सभी योजनाओं का बारीकी से जांच की। उन्होंने केंद्र पोषित योजनाओं में खामियों के संबंध में रिपोर्ट देने को कहा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कार्तिकेय मिश्र, एडीओ पंचायत रामनिवास सिंह, एपीओ कृष्ण पाल सिंह, ब्लॉक टीए श्रुति देव तिवारी, ग्राम प्रधान मुरलीधर पांडेय, लाल बहादुर यादव, विजय यादव, रामज्ञान यादव, जयराम, मनोज कुमार, सुनील तिवारी आदि मौजूद रहे।