बघौचघाट। थाना क्षेत्र के पकड़ियार गांव में रविवार दोपहर शौच के लिए जा रहे युवक पर मनबढ़ों ने पुरानी रंजिश में चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पकड़ियार गांव निवासी चंद्रभान गांव के बाहर शौच के लिए जा रहा था। इस दौरान बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके पीठ, हाथ और पैर में लगा। वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया।
चंद्रभान की तहरीर पर पुलिस ने पकड़ियार निवासी रवि, गोपालगंज के कटेया के खड़ही गांव निवासी कृष्णा और एक अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। संवाद