युवक को छींक व खांसी आई तो भागी टीम
देवरिया। खरोह बार्डर पर स्क्रीनिंग के दौरान युवक को लगातार छींक और खासी आने लगी। यह देख डॉक्टरों की टीम और पुलिसकर्मी खिसक गए और कोरोना का मरीज होने की सूचना प्रसारित हो गई। इसको लेकर जिम्मेदारों में खलबली मच गई। एंबुलेंस से उसे सुरक्षा के साथ जिला अस्पताल लाया गया। देर रात तक डॉक्टरों की टीम ने उसकी स्क्रीनिंग की तो उसे बुखार निकला। दवा देने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
जिले में प्रवेश करने वाले दूसरे प्रांत के लोगों की स्क्रीनिंग बार्डर पर हो रही है। गोरखपुर बार्डर के खरोह चौराहा पर पुलिस और डॉक्टरों की टीम आने वालों की स्क्रीनिंग कर रही है। रात करीब आठ बजे खरोह बार्डर पर एक युवक गोरखपुर के तरफ से आया। डॉक्टर इसकी स्क्रीनिंग कर रहे थे तो अचानक युवक को खासी और छींक आने लगी। यह देख युवक को छोड़ डॉक्टर और पुलिसकर्मी दूरी बना लिए। वहां मौजूद एंबुलेंस चालक भी फरार हो गया। कोरोना का मरीज होने की खबर भी पास हो गई। देर रात को सीएमओ ने कोरोना मरीज को लाने के लिए बनी एंबुलेंस को भेजा और मरीज को जिला अस्पताल लाया गया। स्कीनिंग के बाद मालूम चला कि युवक को तेज बुखार है और सर्दी जुकाम हुआ था। आधी रात के बाद उसे सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया। इस बाबत सीएमएस डॉ. छोटेलाल ने बताया कि युवक में कोई कोरोना का सिस्टम नहीं था। सर्दी जुकाम और बुखार हुआ था। दवा देकर उसे छोड़ दिया गया। 14 दिनों तक घर में रहने को कहा गया।