बिजली कटौती ने बढ़ाईं मुश्किलें
बरहज(देवरिया)। नगर स्थित विद्युत सब-स्टेशन से पिछले तीन दिनों में ओवरलोड की समस्या उत्पन्न हो गई है जिससे उपभोक्ताओं के साथ बिजली आंख मिचौली का खेल कर रही है। बिजली समस्या और वैश्विक महामारी के खौफ के साए में लोगों का दिन-रात काटना मुश्किल हो गया है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जहां सरकार सख्त है। वहीं लोग घरों में कैद रहकर अपने को क्वारंटीन कर रहे हैं। लोग बोरियत दूर करने के लिए परिवार के सदस्यों के अलावा सोशल नेटवर्किंग, समाचार पत्रों के अलावा टीवी पर रामायण, महाभारत आदि प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का सहारा लिए हुए हैं लेकिन उपकेंद्र से अघोषित विद्युत कटौती से समस्याएं उत्पन्न हो जा रही हैं। देवेश सिंह, जगदीश जायसवाल, मनीष मल्ल, प्रभाकर पाठक आदि का कहना है कि लॉकडाउन से सभी अपने को घरों में सुरक्षित किए हुए हैं। लेकिन बिजली भी मौके पर दगा दे रही है। लोगों का यह भी कहना है कि दिन में तेज हवा और फसल नुकसान से होने वाली कटौती, वहीं रात में बिजली के ट्रिप करने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्पन्न समस्या से लोगों में आक्रोश है। इस संबंध में पूछने पर एसडीओ गनेश मिश्र ने बताया कि ओवरलोड से समस्या आ रही है। वहीं महेन फीडर के लोकार्पण के बाद भी आपूर्ति शुरू न कराने की बात पर कुछ भी कहने से गुरेज कर गए।