कायाकल्प टीम ने किया सलेमपुर सीएचसी का निरीक्षण
सलेमपुर। एनएचएम के तहत रविवार को कायाकल्प की टीम ने सीएचसी का निरीक्षण किया। टीम लीडर डॉ. मुकुल द्विवेदी ने कांफ्रेंस हाल में सीएचसी के सभी डॉक्टर, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट के साथ बैठक की। प्रोजेक्टर के जरिए चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के बारे में बताया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उच्चाधिकारियों को सीएचसी की गतिविधियों से रूबरू कराया। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय की मौजूदगी में घंटों तक गहनता से जांच चली।
कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत शासन द्वारा अस्पतालों की सुविधाओं की पड़ताल कराई जा रही है। इस बार इस योजना में सलेमपुर सीएचसी को भी शामिल किया गया है। रविवार को कायाकल्प विभाग के लीडर डॉ. मुकुल द्विवेदी ने सीएचसी पहुंचे और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की पड़ताल की। पंजीकरण के बाद ओपीडी कक्ष में मरीजों के बैठने की व्यवस्था को देखा। दवा वितरण के साथ परिसर में लगे सिटीजन चार्टर का भी अवलोकन किया। इसके बाद आपरेशन थियेटर में उपकरणों की गुणवत्ता और रजिस्टर में उपलब्धता के अनुसार मिलान किया। टीम ने परिसर में पौधारोपण और बागवानी पर भी जोर दिया। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत सीएचसी पर सफाई, रखरखाव, कूड़ा निस्तारण आदि व्यवस्थाओं में सुधार कराना है। इसमें सफाई, पार्किंग, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, जल निकासी, लैब, शौचालय, मरीजों की जांच, दवाओं के रखरखाव, लेेबर रूम आदि पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है। जिले में सलेमपुर सीएचसी का इसके लिए चयनित किया गया है। जांच के बाद सीएचसी को अंक दिए जाएंगे। 70 से अधिक अंक पाने पर दूसरी टीम उसकी जांच करेगी। अच्छे अंक पाने पर सीएचसी को इनाम दिया जाएगा। इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. अतुल कुमार, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. वीके मिश्र, डॉ. इकबाल अहमद, डॉ. सुमन गुप्ता, चीफ फर्माशिष्ठ सुरेश यादव, आलोक भारती, माधुरी शुक्ला आदि मौजूद रहे।