बघौचघाट। गर्मी की छुट्टी के बाद बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बघौचघाट में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो गईं। पहले दिन विद्यालय पहुंचीं छात्राओं का चंदन का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और खुशी दिखाई दी।
वार्डन, शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने छात्राओं का अभिनंदन करते हुए नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने भी अपनी सहेलियों और शिक्षिकाओं से मिलकर प्रसन्नता व्यक्त की। वार्डन अर्चना यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालय में छात्राओं को निशुल्क आवासीय एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन छात्राओं का नामांकन हो चुका है, वे अपनी बेटियों को समय से विद्यालय भेजें, ताकि उनकी पढ़ाई नियमित रूप से संचालित हो सके। इस दौरान लेखाकार अभिषेक यादव, संध्या चौरसिया, ममता देवी, काजल श्रीवास्तव, ऋतु रानी, इंद्रावती यादव, मनु यादव आदि मौजूद रहीं।