बरहज। करौंदी गांव में निर्माणाधीन मकान में मिट्टी भरे जाने के विवाद में लाठी-डंडा से पीट-पीट कर मवाजा यादव (70) की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मवाजा के पुत्र जयराम की तहरीर पर 10 नामजद आदि पर हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की थी।
सोमवार को राजकुमार यादव और बाबूलाल को खुदियां मिश्र गांव के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर ने फोन पर खुदियां मिश्र गांव के मुख्य मार्ग पर दो संदिग्धों के होने की सूचना दी थी। पुलिस ने घेराबंदी की तो दोनों भागने लगे थे। दौड़ाकर दोनों को दबोच लिया गया।
बता दें कि 17 अप्रैल की देर शाम निर्माणाधीन मकान में मिट्टी भरने को लेकर विवाद हो गया था। एक पक्ष के लोगों ने मवाजा यादव को मारपीट कर घायल कर दिया। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज देवरिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि फरार आरोपी राजकुमार और बाबूलाल को पकड़ कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।