बनकटा। बंजरिया गांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मैच में सोमवार को भाटपार रानी की टीम ने गुठनी को सात अंकों से पराजित कर दिया।
प्रतियोगिता में आठ टीमों ने हिस्सा लिया। पहले क्वार्टर फाइनल में धूमनगर की टीम ने टीकमपार को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में गुठनी की टीम ने मैरवा और तीसरे क्वार्टर फाइनल में भाटपाररानी की टीम ने खामपार, जबकि चौथे क्वार्टर फाइनल में सिवान ने खोराबार को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में गुठनी और सिवान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही। निर्धारित समय तक मुकाबला 10-10 अंकों की बराबरी पर रहा। इसके बाद खेले गए अतिरिक्त समय में गुठनी ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।दूसरे सेमीफाइनल में भाटपार रानी ने धूमनगर को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
देर रात फाइनल मुकाबला भाटपार रानी और गुठनी के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले हाॅफ की समाप्ति तक मुकाबला 21-21 अंकों की बराबरी पर था। दूसरे हाॅफ में भाटपार रानी के रेडर विशाल ने दमदार खेल दिखाते हुए 15 अंक अर्जित किए, जबकि टीम के डिफेंडर अमन ने भी आठ अंक जुटाकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भाटपार रानी ने 45 अंक बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उपविजेता गुठनी की टीम 38 अंकों पर सिमट गई।
मुख्य अतिथि अश्वनी पांडेय ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस दौरान जय पांडेय,राहुल प्रताप सिंह, राजकिशोर कुशवाहा, प्रमोद पांडेय, शिवम कुमार आदि मौजूद रहे।