अंतरप्रांतीय लुटेरा गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, कई घटनाओं का का पर्दाफाश
देवरिया। पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर प्रांतीय लुटेरों के गिरोह का पर्दाफाश करने के साथ ही पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी व लूट की छह मोटरसाइकिलें तथा चारपहिया वाहन बरामद किया। पूछताछ में लूट, हत्या, चोरी की कई घटनाओं पर पड़ा पर्दा उठ गया है। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये पुरस्कार दिया है।
एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने शनिवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में पत्रकारों को बताया कि एसओजी टीम व सदर कोतवाली के एसएसआई विपिन कुमार मलिक की संयुक्त टीम शुक्रवार वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भ्रमण पर थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर कसया बाईपास पर कसया की तरफ से आ रहे एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध लोगों को रोका। चालक ने अपना नाम व पता जीवन उर्फ जीतू पुत्र प्रेमनाथ निवासी सल्लाहपुर थाना आंदर, जिला सिवान, बिहार तथा दूसरे ने रजनीश राय उर्फ मास्टर उर्फ सन्नी उर्फ हिमांशु पुत्र पुरूषोत्तम राय निवासी खलवा, थाना नौतन, जिला सिवान, बिहार बताया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक-एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। इसमें जीवन उर्फ जीतू के पास से 75 सौ नकदी, दस-दस रूपये के दो स्टांप पेपर तथा रजनीश के पास से 10 हजार नकदी, दस-दस रुपये का तीन स्टांप पेपर बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि बाइक एक वर्ष पूर्व गुठनी, बिहार से लूटी गई थी। बताया कि दोनों ने 14 सितंबर 2020 को गौरीबाजार थाना क्षेत्र के चोरखरी ढ़ाला के पास से एक व्यक्ति को मारपीट कर स्टांप पेपर लूट था। इसके अलावा 11 जनवरी 2021 को जनपद गोरखपुर के ग्राम टेकुआ स्थित अंडा फार्म के पास अपने अन्य साथियों के साथ भट्ठा मालिक जयनारायण शाह की गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। तीन माह पूर्व आदर्श नगर सिंहड़िया के पास गल्फ टेक्निकल इंस्टीट्यूट ऑफिस से 22 लाख रूपये की लूट किए थे। अपने साथियोें के साथ गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया एवं बिहार के कई जनपदों में वाहन चोरी कर उन्हें आसपास के जिलों में बेच देते हैं।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कसया रोड एफसीआई गोदाम के सामने सिंचाई विभाग के ट्यूबवेल के पास स्टाफ क्वाटर से अन्य तीन साथियों भोला उर्फ अनुज प्रताप राय पुत्र स्व. तारकेश्वर राय निवासी खलवा, थाना नौतन, जिला सिवान, बिहार, प्रकाश उपाध्याय पुत्र विनोद उपध्याय निवासी दरौली, थाना दरौली, जिला सिवान, बिहार, अभिमन्यु कुमार राम पुत्र स्व. रामकिशुन राम निवासी सेवतापुर, थाना मैरवॉ, जिला सिवान, बिहार को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल व एक बोलेरो बरामद हुआ। बोलेरो से वाहनों के लॉक तोड़ने के उपकरण भी बरामद किए गए।
इन घटनाओं का हुआ पर्दाफाश
देवरिया। पुलिस ने अभियुक्त जीवन उर्फ जीतू एवं रजनीश से बरामद 17500 रुपये व पांच स्टांप पेपर के मिलान से गौरीबाजार थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पर्दाफाश हुआ। इसके अलावा गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र में भट्ठा मालिक जयनारायण की गोली मारकर हत्या, कैंट थाना क्षेत्र के आदर्श नगर सिंहड़िया से 22 लाख रूपये की लूट, बिहार प्रांत के गुठनल थाना क्षेत्र से बाइक लूट, बिहार के नौतन थाना क्षेत्र से बाइक तथा बोलेरो चोरी की घटना का पर्दाफाश हुआ। पुलिस टीम अन्य चार बाइक के संबंध में जांच कर वाहन स्वामियों से संपर्क में जुटी है।
यह हुई बरामदगी
मोटरसाइकिल- छह
बोलेरो- एक
वाहन के लॉक तोड़ने के उपकरण
17500 रूपये, पांच स्टांप पेपर
देसी तमंचा- दो
कारतूस- दो
गिरफ्तार करने वाली टीम
देवरिया। लुटेरों के गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, सदर कोतवाली के एसएसआई विपिन कुमार मलिक, एसओजी प्रभारी एसआई अनिल कुमार यादव, एसओ रामपुर कारखाना गोपाल प्रसाद, एसओजी के एसआई संतोष सिंह, घनश्याम सिंह, हेड कांस्टेबल योगेंद्र प्रसाद, धनंजय श्रीवास्तव, अरूण खरवार, कांस्टेबल सुदामा यादव, प्रशांत शर्मा, मेराज अहमद, सर्विलांस टीम के विमलेश सिंह, कांस्टेबल बृजेश कन्नौजिया, महेंद्र चौरसिया, नितीन सिंह, विकास सोनी, सूरज गुप्ता शामिल रहे।