मईल (देवरिया)। स्थानीय चौराहे पर पैसे के लेन-देन को लेकर बृहस्पतिवार को एक आभूषण व्यवसायी का ग्राहक से विवाद हो गया। इस दौरान गुस्साए व्यवसायी ने दुकान में रखा तेजाब ग्राहक के ऊपर फेंक दिया, जिससे ग्राहक समेत आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। आनन-फानन में लोगों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
क्षेत्र के पनिका बाजार गांव निवासी अरविंद वर्मा व उसके भाई कमलेश शर्मा की मईल चौराहे पर ज्वेलर्स की दुकान है। बृहस्पतिवार को उसके गांव के चंदन राजभर अपनी बहन संध्या देवी के साथ सामान लेने के लिए दुकान पर आए थे। जानकारी के मुताबिक पूर्व के पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि भीड़ के बीच आभूषण व्यवसायी अरविंद ने दुकान से अचानक तेजाब लाकर ग्राहक चंदन के चेहरे पर फेंक दिया।
भीड़ में तेजाब फेंकने के चलते चंदन, उसकी बहन संध्या, एकौना गांव निवासी सुधांशु शुक्ला, मईल निवासी अंजनी चौधरी, बगहा की मैना देवी, गोड़वली निवासी बिपिन सिंह, रमेश पाल, नरियांव निवासी राधव वर्मा झुलस गए। थानाध्यक्ष राकेश सिंह घायलों को अपने सरकारी वाहन से पीएचसी भागलपुर ले गए। गंभीर देख डॉक्टर ने चंदन, संध्या और सुंधाशु को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।