संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के अभ्यर्थियों से भरी जीप स्टेरिंग लॉक होने की वजह से खड़ी टेंपो से भिड़ गई। हादसे मेंं आधा दर्जन अभ्यर्थी घायल हो गए। उनकी चीख पुकार सुनकर लोगों ने दौड़कर उन्हें निकाला और इलाज के लिए देवरिया भेजा।
जानकारी केे अनुसार, कंचनपुर चौराहे पर रविवार की सुबह पीईटी अभ्यर्थियें से भरी एक जीप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी आरओ का पानी देने वाले टेंपो से टकरा गई। जीप में सवार कुशीनगर के कसया निवासी इरशाद अंसारी (25), रामकोला निवासी साक्षी, फाजिलनगर निवासी गीता सहित करीब आधा दर्जन अभ्यर्थी घायल हो गए। टेंपो क्षतिग्रस्त हो गई।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर चौराहे के लोग दौड़कर वहां पहुंच गए और सभी को निकाला। लोगों ने प्राइवेट वाहन से घायलों को इलाज के लिए देवरिया भेजा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने ले आई। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, सभी घायल जिला अस्पताल चले गए थे । तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।