- शव पर पुष्प चक्र अर्पित करते असम राइफल्स के वरिष्ठ अधिकारी।
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी। खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार निवासी असम राइफल्स में तैनात अरविंद शाही का शव सोमवार को सुबह सैनिक गाड़ी से गांव पहुंचा। शव के दरवाजे पर पहुंचते ही पूरा गांव तथा क्षेत्र की जनता उमड़ पड़ी थी।
परिजनों की चीख-पुकार और रोने से सबकी आंखें नम हो गई थीं। शव पर लोगों ने पुष्प अर्पितकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शव के साथ आए असम राइफल्स के वरिष्ठ अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।
अरविंद शाही की मौत 25 मई को इंफाल में चीन सीमा पर ड्यूटी के दौरान हो गई थी। शव को दरवाजे की रस्म पूरी करने के बाद भिंगारी-भटनी मार्ग के बगल में स्थित जिगिनही पोखरे पर ले जाकर सैनिक सम्मान के साथ अंत्येष्टि कर दी गई। शव के साथ आए असम राइफल्स के जवानों ने शस्त्र उल्टा कर शव को सलामी दी। उसके बाद उनके एकमात्र पुत्र अंकित कुमार शाही ने चिता को मुखाग्नि दी।
इस दौरान सांसद रवींद्र कुशवाहा, पूर्व विधायक डॉ. आशुतोष उपाध्याय, अश्वनी सिंह, तहसीलदार मिश्री लाल, सीओ एसपी सिंह, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार चतुर्वेदी, भिंगारी बाजार चौकी इंचार्ज सुनील सिंह, राजकुमार शाही, अश्वनी सिंह, सूरज सिंह सेंगर, अजय कुशवाहा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।