नाराज लोग बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर गए।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। बिजली कटौती को लेकर नाराज लोग बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर गए। नकईल और डाला गांव के लोगों ने पॉवर हाउस में ताला लगाकर गोरखपुर रुद्रपुर मार्ग को जाम कर दिया। उपभोक्ता करीब तीन घंटे तक पॉवर हाउस से लेकर सड़क जाम स्थल तक विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। नायब तहसीलदार के पहुंचने पर सड़क जाम समाप्त हुआ।
सुबह दस बजे डाला और नकईल गांव के लोग पॉवर हाउस पर पहुंच कर हंगामा करने लगे। दोनों गांव में चार दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। उपभोक्ताओं को पॉवर हाउस पर हंगामा करता देख विद्युत कर्मचारी दफ्तर छोड़ कर बाहर निकल गए। पॉवर हाउस पर जेई और एसडीओ के नहीं पहुंचने पर लोगों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने रुद्रपुर गोरखपुर मार्ग को जाम कर दिया।
उन्होंने कहा कि चार दिनों से नकईल, डाला गांव के लोगों को ठीक ढंग से बिजली नहीं मिल रही। मुश्किल से आधे घंटे बिजली मिल रही। जो किसी काम के नहीं आ रही। बरसात के दौरान उमस में लोगों को बिजली के बिना परेशानी उठानी पड़ रही है। जेई और एसडीओ से शिकायत करने पर कोई अमल नहीं हो रहा। इमरजेंसी कटौती के नाम पर विभाग पूरे दिन बिजली गायब कर देता है।
विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई पहल नहीं होने पर लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने दो दिन में आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं होने पर तहसील घेराव करने को कहा। प्रदर्शन करने वालों में प्रहलाद यादव, धर्मवीर गुप्ता, शुभम सिंह, संगम यादव, पंकज यादव, संजय शुक्ल, भास्कर यादव, दीपक कुमार, विशाल आदि मौजूद रहे।