घटना के वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के पशुधन राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद के पुत्र और लक्ष्मीपुर गांव के प्रधान विश्वविजय निषाद की एक रिटायर्ड फौजी से गुरुवार देर शाम रुद्रपुर क्षेत्र के रामलक्षन चौराहे पर मारपीट हो गई। स्कूटी में ठोकर लगने से फौजी मंत्री के बेटे से उलझ गया। इससे गुस्साए मंत्री पुत्र फौजी को लात घूसों से मारने लगे। जिसके बाद मंत्री के बेटे के साथ गाड़ी में बैठे लोगों और चौराहे के लोगों ने फौजी को जमकर पीट डाला। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
गाड़ी में बैठे एक युवक ने रिटायर्ड फौजी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उनके कुछ गुर्गों ने गाड़ी के पार्किंग को लेकर रिटायर्ड फौजी से मारपीट की। मारपीट में फौजी बुरी तरह घायल हो गया।
रिटायर्ड फौजी सुभाष प्रजापति किसी कार्य के लिए चौराहे पर समान खरीदारी करने गए थे उसी दौरान मंत्री पुत्र अपनी गाड़ी से पहुंच गए। मंत्री की गाड़ी और स्कूटी सवार रिटायर्ड फौजी की स्कूटी में धक्क हो गया। इससे मंत्री पुत्र गुस्से में आ गए और फौजी को लात घूसों से मारने लगे, जिसको देख साथ मे चल रहे मंत्री पुत्र के गुर्गों ने बेरहमी से पीट डाला। इससे फौजी बुरी तरह घायल हो गया।
चौराहे पर गस्त कर रहे सिपाहियों को जब इस घटनाक्रम का पता चला तो सिपाहियों ने किसी तरह से रिटायर्ड फौजी सुभाष प्रजापति को बचाई और उनको चौकी ले गए।
उधर इस बाबत विश्वविजय निषाद ने कहा कि मामूली बात को लेकर फौजी हमलावर हो गया। उसने मुझ पर जानबूझ कर हमला किया। स्कूटी में खरोच तक नही आई है। बस मेरी गाड़ी जगह कम होने से स्कूटी में सट गई। उन्होंने कहा की यह घटना राजनीतिक साजिशवश कराई गई है।