मिसाइल हमले के शिकार सूरज के पिता ओमप्रकाश यादव के घर पहुंचे
गौरी बाजार (देवरिया)। ओमान के पूर्वी तट पर मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले करमाजीतपुर निवासी सूरज यादव (20) का शव गांव लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विदेश मंत्रालय की ओर से मांगा गया शपथ पत्र भरकर ऑनलाइन भेज दिया गया है। अब ओमान की नौसेना शव को भारतीय दूतावास को सौंपेगी।
इसके बाद दूतावास से शव शिपिंग कंपनी को दिया जाएगा, जो उसे गांव तक पहुंचाएगी। परिवार वालों को करीब एक सप्ताह में शव के गांव आने की उम्मीद है। ग्राम करमाजीतपुर यादव टोला निवासी सूरज यादव एमबी केव दाओ नामक कॉमर्शियल जहाज पर वाइपर के पद पर चालक दल के साथ काम करता था। 19 अगस्त को वह पहली बार मुंबई से विदेश के लिए रवाना हुआ था।
बुधवार 23 सितंबर को जहाज भारत लौट रहा था। ओमान के पूर्वी तट पर पहुंचने के दौरान जहाज पर मिसाइल हमला हुआ। जान बचाने के लिए चालक दल के सदस्य समुद्र में कूद गए। इसी दौरान जहाज से निकला एक टुकड़ा सूरज के सिर में लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अन्य सदस्य सुरक्षित बचा लिए गए।
सूरज के चाचा अवधेश यादव ने बताया कि शिपिंग कंपनी की ओर से 24 सितंबर को ऑनलाइन शपथ पत्र लिया गया है। संभव है कि एक सप्ताह के भीतर शव गांव पहुंच जाएगा। सूरज का शव फिलहाल ओमान की नौसेना के कब्जे में है। भारतीय दूतावास ने भी उसकी मौत की पुष्टि की है।